September 11, 2026



आधुनिक भारत के निर्माण में पंडित गोविंद बल्लभ पंत का रहा महत्वपूर्ण योगदान
हरिद्वार, 10 सितंबर। भारत रत्न एवं महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पंडित गोविंद बल्लभ पंत की 139वीं जयंती पर गुरुवार को जनपद हरिद्वार में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक याद किया गया। देवपुरा चौक स्थित पंत पार्क में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने पंडित गोविंद बल्लभ पंत की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि पंडित गोविंद बल्लभ पंत महान स्वतंत्रता सेनानी होने के साथ-साथ प्रखर वक्ता, कुशल प्रशासक और समाज सुधारक थे। देश की स्वतंत्रता के साथ-साथ सामाजिक एवं राजनीतिक चेतना के विकास तथा आधुनिक भारत के निर्माण में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा।
उन्होंने कहा कि पंत जी ने अपने जीवन में देश और समाज के हित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उनके आदर्श आज भी प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनके द्वारा देखे गए सशक्त एवं आधुनिक भारत के सपने को साकार करने के लिए सभी को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ करना चाहिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर जनपद को विकास और प्रगति के पथ पर आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाने चाहिए।
इससे पूर्व जिलाधिकारी ने पंडित गोविंद बल्लभ पंत के जीवन एवं स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि छात्र जीवन से ही वह सामाजिक एवं राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय रहे और स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
वहीं कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) जितेंद्र कुमार ने पंडित गोविंद बल्लभ पंत के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को नमन करते हुए उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
जयंती के अवसर पर जनपद के सभी सरकारी कार्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। अधिकारियों, कर्मचारियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने पंडित गोविंद बल्लभ पंत के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की तथा राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर प्रकाश डाला।
इस दौरान विभिन्न विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहेl

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *