देहरादून कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में ‘समाधान दिवस’ का आयोजन किया गया, जिसमें 140 फरियादियों ने अपनी समस्याएं रखीं। डीएम ने अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया और शेष मामलों पर सख्त समयावधि के भीतर कार्रवाई के निर्देश दिए।
- अतिक्रमण पर कार्रवाई: छरबा (लांघा रोड) में बरसाती नाले और ग्राम समाज की भूमि पर अवैध कब्जे व दीवार निर्माण की शिकायत पर विकासनगर तहसीलदार को मौके पर निरीक्षण कर अतिक्रमण हटाने का आदेश दिया। ग्राम लक्ष्मीपुर में अवैध निर्माण पर भी तुरंत ध्वस्तिकरण की कार्रवाई के निर्देश दिए।
- ठगी व उत्पीड़न के मामलों में सख्ती: विधवा पेंशन के नाम पर 10 हजार रुपये मांगने व दस्तावेज दबाने वाले सीएससी सेंटर संचालक के खिलाफ संयुक्त जांच और एफआईआर के निर्देश दिए गए।
- पारिवारिक व संपत्ति विवाद: ऋषिकेश की 65 वर्षीय महिला से मारपीट और संपत्ति से बेदखल करने के मामले में सीओ ऋषिकेश व महिला आयोग को त्वरित कार्रवाई के निर्देश मिले। वहीं, एक अन्य मामले में पीड़ित महिला को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से कानूनी सहायता उपलब्ध कराने के आदेश दिए गए।
- विकास कार्य व हादसे: पांववाला सौड़ा में अटकी सड़क के लिए लोनिवि, बालाजी विहार में भू-कटाव रोकने हेतु सिंचाई-वन विभाग और मोहब्बेवाला में करंट से कर्मचारी की मौत मामले में ईई यूपीसीएल को जांच सौंपी गई।