August 11, 2026

कांवड़ सेवा शिविर में शिवभक्तों की सेवा जारी, महंत विष्णु दास ने की सहयोग की अपील

हरिद्वार। श्रावण कांवड़ मेला के अवसर पर श्रवणनाथ नगर स्थित श्रीगुरू सेवक निवास उछाली आश्रम में कांवड़ियों के लिए भोजन, पेयजल और चाय का सेवा शिविर लगातार जारी है। सोमवार को बारिश के बावजूद परिसर में हर-हर महादेव के जयकारों के बीच श्रद्धालुओं को भोजन कराया गया। आश्रम के परमाध्यक्ष महंत विष्णु दास ने स्वयं व्यवस्था संभालते हुए कहा कि कांवड़ियों की सेवा करना भगवान शिव की सेवा के समान है। उन्होंने शिवभक्तों से यात्रा के दौरान संयम, स्वच्छता और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की। इस सेवा कार्य में महंत प्रेम दास, महंत सीताराम दास, महंत कन्हैया दास, स्वामी राघवेन्द्र दास सहित आश्रम के अनेक सेवादार लगे हुए हैं।

खाद्य सुरक्षा विभाग का सघन चेकिंग अभियान: तीन खाद्य कारोबारियों पर दर्ज हुआ केस

हरिद्वार। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी के निर्देशानुसार कांवड़ मेला क्षेत्र में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने हेतु सघन अभियान चलाया गया। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन ने निरीक्षण के दौरान नयागाँव स्थित ‘जुबैर कन्फेक्सनर्स’ में बिना लाइसेंस संचालन और एक्सपायर कोल्ड ड्रिंक्स बेचने पर 10 अगस्त को मामला दर्ज कराया। वहीं, बसेड़ी लक्सर में ‘सिंघल इण्टरप्राइजेज’ द्वारा गलत पते पर दुकान चलाने और एक्सपायर्ड सामग्री बेचने पर लगभग 2 कुंतल खाद्य पदार्थ नष्ट कराकर मालिक तुषार सिंघल पर वाद दायर किया गया। इसके अतिरिक्त माँ चंडी देवी कैंटीन से लिया गया काबुली चने का सैंपल प्रयोगशाला जांच में असुरक्षित पाए जाने पर प्रतिष्ठान के मालिक व प्रबंधक के विरुद्ध मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में वाद दायर किया गया है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *