रानीपुर (हरिद्वार)। कुष्ठ एवं असहाय लोक सेवा समिति संस्था की वार्षिक आम सभा की बैठक रानीपुर स्थित एक स्थानीय होटल में धूमधाम से आयोजित की गई। कार्यक्रम में पहुंचे मुख्य अतिथि विधायक मदन कौशिक एवं विधायक आदेश चौहान ने संस्था द्वारा समाज हित में किए जा रहे सेवा कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि संस्था का यह प्रयास अनुकरणीय है और इस प्रकार के जनसेवा के कार्यों से समाज के अन्य लोगों को भी प्रेरणा मिलती है।
25 परिवारों को राशन और दो अनाथ बेटियों का विवाह
बैठक के दौरान संस्था के अध्यक्ष नारायण आहूजा ने वार्षिक गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि सदस्यों के आपसी सहयोग से वर्तमान में पाँच कुष्ठ रोगी आश्रमों, अनाथ बालिका आश्रम तथा 25 जरूरतमंद परिवारों को नियमित रूप से निःशुल्क राशन उपलब्ध कराया जा रहा है।
संस्था के अध्यक्ष राकेश मल्होत्रा एवं डॉ. वीरेंद्र सिंह वर्मा ने बताया कि संस्था निरंतर गरीब और असहाय परिवारों की मदद में जुटी है। हाल ही में संस्था के सदस्यों द्वारा दो अनाथ बेटियों के विवाह में ₹2 लाख नगद एवं दैनिक जीवन में काम आने वाला घरेलू जरूरत का सामान भेंट कर मदद की गई।
मानव सेवा ही सबसे उत्तम धर्म
संस्था के संस्थापक जगतराम जोशी ने कहा कि असहाय और पीड़ित मानवता की सेवा करना सबसे बड़ा पुण्य का कार्य है, इसलिए हर व्यक्ति को अपने स्तर पर इसमें योगदान देना चाहिए। संस्था के सचिव दीपक सेठी एवं कोषाध्यक्ष सचिन अरोरा ने आश्वस्त किया कि संस्था भविष्य में भी गरीब व निर्धन परिवारों की सेवा के लिए तत्पर रहेगी। उन्होंने बताया कि समिति के सदस्य मलिन व झुग्गी-झोपड़ी बस्तियों में रहने वाले लोगों के उत्थान के लिए लगातार आगे बढ़कर काम कर रहे हैं।
ये लोग रहे उपस्थित
वार्षिक आम बैठक में मुख्य रूप से जगदीश लाल पाहवा, तेजप्रकाश लांबा, ओम पाहवा, डॉ. भविष्य, डॉ. राजीव, डॉ. सुशील, पवन, रवि, हनी कथूरिया, संजीव बब्बर, ओमप्रकाश विरमानी, विक्की तनेजा, नितिन गुप्ता, हरीश तनेजा, सागर अरोड़ा, प्रदीप शेट्टी, राजकुमार अरोड़ा, सुमित, अजय अरोड़ा, राहुल बजाज एवं विक्की सहित संस्था के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।