राजा भगीरथ के नाम पर घाट ,प्रतिमा स्थापित करने, भगीरथ बिंदु को राष्ट्रीय स्मारक घोषित करने की मांग
हरिद्वार: राष्ट्रीय सनातनी संगठन ट्रस्ट के अध्यक्ष प्रदीप सैनी ने राजा भगीरथ के नाम पर हरिद्वार में भव्य घाट और उनकी प्रतिमा स्थापित करने तथा भगीरथ बिंदु को राष्ट्रीय स्मारक घोषित करने की मांग की है। प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान राष्ट्रीय सनातनी संगठन की और से इस संबंध में 111मीटर लंबा मांग पत्र भी जारी किया।संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंकज सैनी ने कहा कि महाराजा भगीरथ कठोर तपस्या करके गंगा को धरती पर लाए थे।लेकिन उनके योगदान को वह सम्मान नहीं मिला पाया,जिसके वे हकदार हैं।इसलिए ट्रस्ट ने हरिद्वार में उनके नाम पर भव्य घाट और प्रतिमा स्थापित करने तथा भगीरथ बिंदु को राष्ट्रीय स्मारक घोषित करने की मांग उठाई है।मांग पत्र जारी करते हुए उन्होंने कहा कि मांग पत्र पर 10हजार से अधिक सनातनियों के हस्ताक्षर कराने के बाद इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को सौंपा जाएगा।उन्होंने बताया कि बीएचईएल सैनी समाज,मां भगवती जन सेना समिति,शिव कल्याण जन सेवा समिति समेत कई संस्थानों और समाज ने मांग पत्र पर हस्ताक्षर कर सगठन को समर्थन दिया है। वार्ता में राष्ट्रीय अध्यक्ष पंकज सैनी,राष्ट्रीय संरक्षक राजेन्द्र मौर्य,राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आचार्य प्राणनाथ(संजय सैनी),प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप शर्मा,कार्यालय प्रमुख प्रीति देवी मौजूद रहे।
अजरानंद अंध विद्यालय के 2 बच्चों को मिली नई रोशनी

हरिद्वार: वसुधैव कुटुम्बकम् फाउंडेशन के प्रयासों से अजरानंद अंध विद्यालय के दो दृष्टिबाधित बच्चों की जिंदगी में रोशनी की नई किरण जगी है।विशेष चश्मे लगने के बाद 13वर्षीय राजकुमार और 11वर्षीय कृष्णा की दृष्टि में काफी सुधार हुआ है,और अब उन्हें देखने में आ रही समस्या से राहत मिली है।वसुधैव कुटुम्बकम् फाउंडेशन एवं ब्लड वॉलंटियर्स हरिद्वार की टीम के संयुक्त तत्वावधान में अजरानंद अंध विद्यालय में एम्स ऋषिकेश के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा एक वृहद नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया था।शिविर में विद्यालय के लगभग 65 दृष्टिबाधित बच्चों की गहन जांच की गई।जांच के दौरान 6बच्चों में उपचार की संभावना पाई गई, जिन्हें आगे के इलाज के लिए एम्स बुलाया गया।एम्स में परीक्षण के बाद 2 बच्चों राजकुमार (13) और कृष्णा (11) में विशेष चश्मों से दृष्टि सुधार की संभावना बताई गई। इन विशेष चश्मों की व्यवस्था के लिए उपाध्यक्ष निधि अग्रवाल ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर व्यक्तिगत डोनेशन के माध्यम से दोनों चश्मों की पूरी पेमेंट की।उपाध्यक्ष निधि अग्रवाल ने बताया यह भावुक कर देने वाला पल था।जब राजकुमार और कृष्णा ने पहली बार चश्मा लगाया और साफ-साफ देखकर मुस्कुराए,तो लगा कि हमारी मेहनत सफल हो गई।विद्यालय प्रबंधन ने फाउंडेशन,एम्स,निधि अग्रवाल एवं उनकी टीम तथा ब्लड वॉलंटियर्स हरिद्वार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पहल दृष्टिबाधित बच्चों के लिए वरदान साबित हुई है।
सिडकुल पुलिस ने पांच सटोरिए दबोचे
हरिद्वार। ऑपरेशन प्रहार के तहत कार्रवाई करते हुए थाना सिडकुल पुलिस ने पांच सटोरियों को गिरफ्तार कर सट्टा बुक, पैन व 5,240रूपए बरामद किए हैं।आरोपियों के खिलाफ गैंबलिंग एक्ट के तहत मुकद्मा दर्ज किया गया है।बुधवार को सिडकुल पुलिस टीम ने सार्वजनिक स्थान पर सट्टे की खाई बाडी कर रहे जगमोहन उर्फ नानू,एवरन,हेमराज,दिनेश कुमार प्रभु गुप्ता को रावली महदूद सिडकुल से गिरफ्तार कर लिया।पुलिस टीम में अपर उपनिरीक्षक संजय चौहान,हेडकांस्टेबल सुनील सैनी,कांस्टेबल रोहित कुमार शामिल रहे।
जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन कर छात्र-छात्राओं को दी विधिक जानकारी

हरिद्वार। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रावली महदूद में विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन कर छात्र-छात्राओं को उनके अधिकारों,कानूनों एवं सुरक्षा संबंधी जानकारी दी गयी।कार्यक्रम में बाल कल्याण समिति की सदस्य सुनीता चौधरी ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में बच्चों का लालन-पालन एवं उन्हें बेहतर शिक्षा प्रदान करना एक चुनौतीपूर्ण विषय बन गया है।ऐसी परिस्थितियों में बच्चों का कानून के प्रति जागरूक होना अत्यंत आवश्यक है,ताकि किसी भी विपरीत परिस्थिति में वे अपने अधिकारों की रक्षा कर सकें और कानून से सहायता प्राप्त कर सकें।उन्होंने कहा कि बाल कल्याण समिति सदैव बच्चों के हितों की रक्षा एवं उनके सुरक्षित भविष्य के लिए कार्य करती है। विद्यालय की प्रधानाचार्य सुमन सेमवाल ने कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास एवं सामाजिक समझ को मजबूत करते हैं।उन्होंने छात्र-छात्राओं से कानून एवं शिक्षा के प्रति सजग रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम में बाल कल्याण समिति सदस्य दिनेश शर्मा, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अशोक कुमार कश्यप,मिथुन तथा नाजिश ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए छात्र-छात्राओं को विभिन्न कानूनी प्रावधानों,बाल अधिकारों एवं शिक्षा के महत्व की जानकारी दी।
कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने किया सीवर लाईन निर्माण कार्य का शुभारंभ

हरिद्वार। कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक एवं मेयर किरण जैसल ने वार्ड 30बैरागी कैम्प में सीवर लाईन निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मेयर किरण जैसल,वार्ड पार्षद सचिन अग्रवाल,धीरेंद्र पुरी,भाजपा कनखल मंडल अध्यक्ष प्रशांत शर्मा,पार्टी पदाधिकारी,कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि प्रदेश सरकार एवं नगर निगम जनहित एवं विकास कार्यो को प्राथमिकता देते हुए निरंतर कार्य कर रहे हैं।सीवर लाईन निर्माण कार्य पूरा होने पर क्षेत्र के लोगों को सुविधा मिलेगा।मेयर किरण जैसल ने कहा कि जनसुविधाओं का विकास कर लोगों को सुविधाएं उपलब्ध कराना ही नगर निगम का लक्ष्य है।नगर निगम के सभी वार्डो में समान रूप से विकास कार्य कराए जा रहे हैं।वार्ड पार्षद सचिन अग्रवाल ने बताया कि 6.8करोड़ की लागत से 4किमी सीवर लाइन के साथ एक पंपिंग स्टेशन का भी निर्माण किया जाएगा।इस दौरान विभागीय अधिकारी मीनाक्षी वशिष्ठ,अनूप भंडारी,लक्षिता उप्रेती,अजब सिंह आदि भी मौजूद रहे।
मेयर किरण जैसल ने किया वार्ड 40 में सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ

हरिद्वार। मेयर किरण जैसल ने वार्ड 40कस्साबान में सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। मेयर किरण जैसल ने कहा कि नगर निगम के सभी वार्डो का समान रूप से विकास किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि वार्ड के लोगों द्वारा लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग की जा रही थी।सड़क बनने से स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।पूर्व राज्यमंत्री हाजी नईम कुरैशी ने कहा कि वार्ड पार्षद द्वारा निरंतर विकास कार्य कराए जा रहे हैं।जिसका लाभ स्थानीय लोगों को मिल रहा है।जनसुविधाओं का विकास कर वार्ड को नगर निगम का सबसे विकसित वार्ड बनाया जाएगा।इस अवसर पर पार्षद प्रतिनिधि आरिफ कुरैशी,पूर्व पार्षद सुबहान कुरैशी,अनीस कुरैशी,नफीस कुरैशी,नदीम कुरैशी,भाजपा नेता राहुल वर्मा, मोनिका वर्मा,अरशद कुरैशी,अयान कुरैशी,सोनू अंसारी,भाजपा मंडल महामन्त्री अंकुर पालीवाल आदि मौजूद रहे।