हरिद्वार: प्रदेश की चरमराती स्वास्थ्य सेवाओं और हरिद्वार में मेडिकल कॉलेज के पूर्ण संचालन में हो रही देरी को लेकर कांग्रेस ने सरकार और जिला प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। बुधवार को प्रेस क्लब सभागार में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान कांग्रेस नेताओं ने जगजीतपुर मेडिकल कॉलेज और भूपतवाला क्षेत्र के अस्पतालों की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े किए।
कीमती जमीन का दुरुपयोग और अधूरी सुविधाएं
ज्वालापुर विधायक रवि बहादुर ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जिले की जनता का सपना ‘मेडिकल कॉलेज’ आज भी सफेद हाथी साबित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनहित के नाम पर करोड़ों की कीमती जमीन फ्री में दी गई, लेकिन उसका लाभ जनता को मिलने के बजाय पूंजीपतियों को पहुँचाया जा रहा है। विधायक ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही व्यवस्थाएं नहीं सुधरीं, तो वे मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपेंगे।
नगर निगम की जमीन वापसी की चेतावनी
पूर्व मेयर अनीता शर्मा ने भावुक होते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में सभी पार्षदों की सहमति से यह जमीन नि:शुल्क इस उम्मीद में दी गई थी कि क्षेत्र के लोगों को बेहतर इलाज मिलेगा। लेकिन आज भी अस्पतालों में ताले लटके हैं और लोग इलाज के अभाव में दम तोड़ रहे हैं।
इसी क्रम में महानगर अध्यक्ष अमन गर्ग ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा:
”नगर निगम ने मेडिकल कॉलेज के लिए भूमि दी थी। यदि सरकार इसे सुचारू रूप से चलाने में असमर्थ है, तो आगामी बोर्ड बैठक में प्रस्ताव लाकर इस भूमि को वापस लेने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।”
मोर्चरी कांड और पीपीपी मोड का विरोध
प्रेस वार्ता में जिला अस्पताल की मोर्चरी में चूहों द्वारा शव कुतरने की घटना भी प्रमुखता से छाई रही। कांग्रेस नेताओं ने इसे मानवता को शर्मसार करने वाली घटना बताया। वहीं, नेता मनोज सैनी ने आरोप लगाया कि सरकार इस मेडिकल कॉलेज को गुपचुप तरीके से पीपीपी मोड पर देने की तैयारी में थी, जिसे कांग्रेस के कड़े विरोध के कारण रोका गया।
जन आंदोलन की चेतावनी
वरिष्ठ नेता सोम त्यागी ने केंद्र और राज्य दोनों जगह भाजपा की सरकार होने के बावजूद स्वास्थ्य सेवाओं के खस्ताहाल होने पर चिंता व्यक्त की। कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि यदि जल्द ही मेडिकल कॉलेज और अस्पतालों में समुचित चिकित्सा सुविधाएं शुरू नहीं की गईं, तो पार्टी सड़कों पर उतरकर जन आंदोलन करेगी।
उपस्थिति:
इस दौरान अशोक शर्मा, रकित वालिया, सुंदर सिंह मनवाल, विकास चंद्रा, पार्षद सुनील कुमार, विवेक भूषण, हिमांशु गुप्ता सहित भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।