दो वर्षीय बालिका के अपहरणकर्ता को पुलिस ने किया गिरफ्तार

आरोपी ने भीख मंगवाने के इरादे से किया था बालिका का अपहरण
हरिद्वार। कोतवाली नगर पुलिस ने तुलसी चौक पर फुटपाथ पर मां के साथ सो रही दो वर्षीय बालिका के अपहरण के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।आरोपी नशे का आदी है और भीख मंगवाने के इरादे से बालिका का अपहरण किया था।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो सहित संबंधित धाराओं में मुकद्मा दर्ज कर कोर्ट में पेश किया।जहां से उसे जेल भेज दिया गया।एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी ने 19फरवरी की रात बालिका का अपहरण कर लिया था।बालिका की मां सोनी की सूचना पर तत्काल पुलिस टीमों का गठन किया गया।पुलिस की सक्रियता से घबराकर आरोपी बालिका को ऋषिकुल तिराहे के पास लावारिस अवस्था में छोड़कर फरार हो गया था।बालिका को कुछ ही घंटों में सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया था।बालिका की सकुशल बरामदगी के बाद आरोपी की तलाश शुरू की गयी।विवेचना के दौरान नाबालिग के अपहरणकर्ता की पहचान रवि कुमार पुत्र सुरेश कुमार निवासी निकट राधाकृष्ण आश्रम सोनी ज्वैलर्स के पास ज्वालापुर के रूप में हुई।जिसे रविवार की रात श्रीराम घाट के सामने पार्क के पास नहर पटरी मायापुर से गिरफ्तार कर लिया गया।पूछताछ में उसने बताया कि वह नशे का आदी है और किसी दूसरे शहर में ले जाकर भीख मंगवाने के इरादे से उसने बालिका को उठाया था।लेकिन पुलिस चेकिंग देखकर वह डर गया और बालिका को ऋषिकुल तिराहे पर छोड़कर फरार हो गया था।

मोबाइल रिपेयरिंग की आड़ में फर्जी दस्तावेज बना रहे आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
नौकरी के लिए आने वाले लोगों को फर्जी आधार कार्ड व मार्कशीट बनाकर देता था आरोपी

हरिद्वार। मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान की आड़ में चल रहे फर्जी दस्तावेज व बनाने के धंधे का भंडाफोड़ करते हुए थाना सिडकुल पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मौके से फर्जी आधार कार्ड,फर्जी मार्कशीट व लैपटॉप आदि बरामद हुए हैं।एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चलाए जा रहे सत्यापन अभियान के दौरान थाना सिडकुल पुलिस टीम ने रावली महदूद में पिपलेश्वर मंदिर के पास मोबाइल रिपयेरिंग की दुकान में छापेमारी की तो एक युवक लैपटॉप के जरिए फर्जी आधार कार्ड, फर्जी मार्कशीट आदि कूटरचित दस्तावेज बनाता मिला।पूछताछ करने पर उसने अपना नाम पुनीत कुमार पुत्र वेदपाल सिंह निवासी ग्राम कासमाबाद पोस्ट बुढनपुर थाना स्योहरा जिला बिजनौर उ.प्र.हाल निवासी पिपलेश्वर मंदिर रावली महदूद बताया।उसने बताया कि सिडकुल में नौकरी के लिए आने वाले बाहरी राज्यों के लोगों को किसी भी आधार कार्ड, मार्कशीट आदि में नाम पता आदि बदलकर दस्तावेज तैयार कर दे देता है।दुकान की तलाशी के लेने पर 4आधार कार्ड बरामद हुए हैं।जिनमें से दो कूटरचना से तैयार किए गए हैं।इसके अलावा हाईस्कूल की कूटरचित अंकतालिकाओं की 9छायाप्रतियां बरामद हुई है।आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकद्मा दर्ज किया गया है।’पुलिस टीम में थानाध्यक्ष नितेश शर्मा, एसएसआई देवेन्द्र तोमर,एसआई बबलू चौहान,अपर उपनिरीक्षक संजय चौहान,हेडकांस्टेबल जितेन्द्र मलिक,देशराज,कांस्टेबल गजेन्द्र प्रसाद व मुकेश शामिल रहे।

ऑपरेशन स्माइल के तहत पुलिस ने तीन नाबालिग बच्चों को किया रेस्क्यू

हरिद्वार।नगर कोतवाली पुलिस ने गुरुग्राम हरियाणा से स्कूल जाने के लिए घर से 20फरवरी को निकले तीन नाबालिगों को बरामद किया है। पुलिस के अनुसार तीनों बच्चे घूमने की योजना बनाकर रेल से हरिद्वार पहुंचे।पुलिस ने बच्चों के परिजनों को सूचना दे दी है। जानकारी के मुताबिक जनपद में ऑपरेशन स्माइल के तहत लगातार अभियान चलाया जा रहा है अभियान के अंतर्गत पुलिस टीमें रेलवे स्टेशन,हर की पैड़ी व अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भ्रमणशील रहकर बिना अभिभावकों के घूमते मिले बच्चों से पूछताछ एवं सत्यापन करती हैं।पुलिस टीम हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर चेकिंग पर थी।इसी दौरान तीनों बालक संदिग्ध अवस्था में लावारिस हालत में घूमते मिले।प्रारंभिक पूछताछ में बच्चे संतोषजनक उत्तर नहीं दे पाए।पुलिस द्वारा मौके पर बच्चों की काउंसलिंग की गई तथा उन्हें सुरक्षित रूप से बाल गृह ज्वालापुर में दाखिल कराया गया।पुनःकाउंसलिंग के उपरांत बच्चों ने अपना नाम व पता बताया।जानकारी के आधार पर परिजनों से संपर्क किया गया तो ज्ञात हुआ कि बच्चे स्कूल के लिए घर से निकले थे,परंतु स्कूल न पहुंचने पर परिजनों द्वारा काफी तलाश की गई ।बच्चों के न मिलने पर संबंधित थाना,गुरुग्राम (हरियाणा) में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। तीनों बालक कक्षा 6के छात्र हैं,जो कि हरिओम इंटरनेशनल स्कूल खेड़की के विद्यार्थी हैं। स्कूल की छुट्टी के बाद बिना परिजनों को बताए रेल के माध्यम से हरिद्वार आ गए थे।रेस्क्यू किए गए बालक आर्यन पुत्र रोहित,उम्र 11वर्ष,दीपक पुत्र मिन्नत राज,उम्र 12वर्ष वमयंक पुत्र सुनील,उम्र 12वर्ष ,निवासीगण ग्राम खेड़की डोला,गुरुग्राम,हरियाणा बताए गए हैं।

जिला अस्पताल में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को पटरी पर लाने के लिए डीएम ने स्वयं संभाला मोर्चा


मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में कोरोनेशन अस्पताल की सूरत बदलने की कवायद में जुटे डीएम

देहरादून। जिलाधिकारी सविन बसंल ने आज जिला चिकित्सालय कोरोनेशन का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं जानी।जिलाधिकारी सविन बसंल एक्शन मोड में सोमवार को जिला चिकित्सालय कोरोनेशन का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं देखी।डीएम ने अस्पताल के हर वार्ड और अनुभाग का बारीकी से जायजा लिया। डीएम ने मरीजों और उनके तीमारदारों से सीधे संवाद करते हुए चिकित्सालय में व्यवस्थाएं मिल रही सुविधा की गुणवत्ता की जानकारी प्राप्त की।डीएम ने अस्पताल में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने तथा फार्मेसी में जीवन रक्षक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित रखने के निर्देश पीएमएस को दिए। इस दौरान जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन ब्लड बैंक के कार्यों का निरीक्षण करते हुए कार्यदायी संस्था को 15मार्च 2026तक कार्य पूर्ण करने के निर्देश।डीएम ने सेन्ट्रल पैथोलॉजी का समय 11बजे से 1घंटा बढकार अब 12बजे तक करने के निर्देश दिए।चन्दन लैब के निरीक्षण के दौरान 3माह के दिन-रात्रि में लिए गए सैम्पल की रिपोर्ट तलब करते हुए अनुबन्ध के अनुसार कार्य न किये जाने पर आधा भुगतान रोकने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने जिला चिकित्सालय में संचालित चन्दन लैब का निरीक्षण करते हुए लैब के अनुबन्ध के अनुसार कार्य की जानकारी प्राप्त करते हुए रात्रि में लिए गए सैम्पल का विवरण मांगने पर लैब की इंचार्ज जानकारी नही दे पाई,जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी सदर/प्रभारी अधिकारी स्वास्थ्य एवं मुख्य चिकित्साधिकारी को 03माह में दिन व रात्रि में लिए गए सैम्पल की जांच करते हुए रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।निर्देशित किया कि यदि अनुबन्ध के अनुसार लैब द्वारा कार्य होना नही पाया जाता तो चन्दन लैब का आधा भुगतान रोक लिया जाए।जिलाधिकारी ने सेन्ट्रललैब के निरीक्षण के दौरान तैनात कार्मिकों स्टॉप की जानकारी ली।जिलाधिकारी ने चिकित्सालय में किचन,गायनी ओटी, वेयर हाउस,ओपीडी मरम्मत को 10लाख मौके पर ही स्वीकृत करते हुए कार्य प्रारम्भ कराने के निर्देश दिए।जिला चिकित्सालय में गायनी चिकित्सक न होने से अन्य चिकित्सालयों को रेफर किए जाने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी सदर/प्रभारी अधिकारी स्वास्थ्य एवं मुख्य चिकित्साधिकारी को संयुक्त रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन ब्लड बैंक का निरीक्षण करते हुए 15मार्च तक कार्य पूर्ण करने के साथ ही ब्लड बैंक में किए गए कार्यों का थर्ड पार्टी निरीक्षण कराने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी बाल चिकित्सावार्ड का निरीक्षण के दौरान निर्देशित किया कि वार्ड में लाईब्रेरी से बच्चों को पुस्तक दी जाएं।डीएम ने प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक को निर्देश दिए कि बाल चिकित्सा वार्ड में रखे गए बच्चों के लिए ड्राईंग एवं कलर दिए जाएं,जिससे बच्चों का मोबाईल के स्थान पर क्रियेटिविटी में ध्यान रहे।इस दौरान जिलाधिकारी ने जिला चिकित्सालय में संचालित हिलांस आउटलेट का निरीक्षण किया। इस दौरान वहां भोजन कर रहे लोगों से खाने की गुणवत्ता के बारे में जानकारी प्राप्त की।जिलाधिकारी ने आटोमेटेड पार्किंग का भी निरीक्षण के दौरान पाया कि पार्किंग अपनी पूरी क्षमता के साथ संचालित थी जिससे मरीजों,तीमारदारों एवं आमजन को बेहतर सुविधा मिली है।निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी सदर/प्रभारी अधिकारी स्वास्थ्य हरिगिरि,मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.मनोज कुमार शर्मा,प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक मन्नू जैन,प्रमोद पवंार, समाजसेवी मनमोहन खत्री सहित सम्बन्धित चिकित्सक आदि उपस्थित रहे।

जिला प्रशासन का जनदर्शन बना जनविश्वास का मंच, सुरक्षा की गारंटी, त्वरित एक्शन


जनता दर्शन में उमड़ी भीड़ः 1़9़1फरियादी पहुंचे समाधान की आस में,
देहरादून।जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ऋषिपर्णा सभागार में जनता दर्शन/जनसुनवाई कार्यक्रम में जनसमस्याओं का निस्तारण किया गया। जनता दरबार में उपस्थित फरियादियों ने भूमि विवाद,निजी भूमि का सीमांकन,अवैध कब्जा,आपसी विवाद,आर्थिक सहायता,रोजगार,शिक्षा,नगर निगम से संबंधित कुल 191शिकायतें एवं समस्याएँ जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत कीं।जिलाधिकारी ने सभी जनशिकायतों एवं समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध,गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। नालापानी चौक निवासी विधवा वृद्धा सुनीता शर्मा ने अवगत कराया कि उनके पति द्वारा जीवनकाल में अपने छोटे पुत्र एवं पुत्रवधू को संपत्ति से बेदखल किया गया था तथा संपत्ति संबंधी वाद सिविल न्यायालय में विचाराधीन है।पति के निधन के उपरांत छोटा पुत्र एवं बहू उन्हें शारीरिक एवं मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं।जिलाधिकारी ने एसडीएम को भरण-पोषण एक्ट के अंतर्गत वाद दायर करते हुए तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। धर्मपुर निवासी विधवा पिंकी सैनी ने बताया कि पति के निधन के उपरांत आर्थिक अभाव के कारण वह अपनी बिटिया की विद्यालयी शुल्क जमा करने में असमर्थ हैं।जिलाधिकारी ने जिला कार्यक्रम अधिकारी को जांच कर पुत्री नन्दिंता की शिक्षा निरंतर बनाए रखने हेतु ‘प्रोजेक्ट नंदा-सुनंदा’के अंतर्गत आवेदन प्रस्तुत कराने के निर्देश दिए।चन्द्रबनी निवासी विधवा बविता सिंह ने बताया कि उनके पति की मृत्यु के पश्चात आर्थिक संकट के कारण उनके तीनों बच्चों की पढ़ाई बाधित हो गई है।बच्चे पूर्व में दून बैन्टेज स्कूल में अध्ययनरत थे,किन्तु शुल्क न जमा होने के कारण विद्यालय द्वारा स्थानांतरण प्रमाण पत्र (टीसी) निर्गत नहीं किया जा रहा है।जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि तीनों बच्चों का टीसी तत्काल दिलवाया जाए तथा उनका प्रवेश निकटवर्ती राजकीय विद्यालय में सुनिश्चित किया जाए। विन्दाल निवासी विधवा अलीशा खत्री ने बताया कि उनका पुत्र एसजीआरआर विद्यालय में कक्षा 9 में अध्ययनरत है,किन्तु विगत आठ माह से शुल्क न जमा होने के कारण विद्यालय प्रशासन द्वारा परीक्षा में बैठने से रोका जा रहा है।जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को छात्र की शुल्क विवरणी उपलब्ध कराने तथा बच्चे की पढ़ाई जारी रखने हेतु आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।प्रतीपनगर निवासी अनीता देवी ने आर्थिक तंगी के कारण जल कर (पानी का बिल) माफ करने का अनुरोध किया। क्षेत्र पंचायत सदस्य द्वारा अवगत कराया गया कि क्यारा-धनोल्टी मोटर मार्ग का निर्माण लंबित होने के कारण लगभग 15गांव सड़क सुविधा से वंचित हैं।जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता,लोक निर्माण विभाग को प्रकरण में विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए,जिससे आमजन को शीघ्र राहत मिल सके।जनता दरबार में अपर जिलाधिकारी (वि.रा) के.के.मिश्रा,एसडीएम विनोद कुमार,एसडीएम कुमकुम जोशी,एसडीएम अपूर्वा सिंह,एसडीएम स्मृता परमार,एसडीएम अपर्णा ढ़ौडियाल सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *