हरिद्वार में विधि-विधान के साथ गंगा में विसर्जित की गई अजीत पवार की अस्थियां
राष्ट्रवादी युवा कांग्रेस देशभर में निकालेगी ‘अस्थि कलश यात्रा’
हरिद्वार। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री दिवंगत अजीत पवार, जिनका हाल ही में एक विमान हादसे में निधन हो गया था, उनकी अस्थियां बृहस्पतिवार को पूर्ण विधि-विधान के साथ हरिद्वार के वीआईपी घाट पर गंगा में प्रवाहित की गईं। पवार परिवार के पुरोहित अभिषेक झा ने अस्थि विसर्जन का कार्य संपन्न कराया।
राष्ट्रवादी युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष धीरज शर्मा अस्थि कलश लेकर हरिद्वार पहुंचे। इस अवसर पर उन्होंने घोषणा की कि पार्टी अपने प्रिय नेता ‘अजीत दादा’ की याद में देशभर में ‘अस्थि कलश यात्रा’ निकालेगी। यह यात्रा हरिद्वार से शुरू होकर काशी, नर्मदा (मध्य प्रदेश), साबरमती (गुजरात) और चेनाब (जम्मू-कश्मीर) तक जाएगी। दक्षिण भारत में यह यात्रा रामेश्वरम और कन्याकुमारी तक विस्तारित होगी।
धीरज शर्मा ने कहा कि अजीत दादा की विचारधारा से जुड़े कार्यकर्ताओं और प्रशंसकों को अंतिम दर्शन का अवसर देने के लिए यह यात्रा आयोजित की जा रही है। इस दौरान पूर्व मेयर मनोज गर्ग, तीर्थ पुरोहित उज्ज्वल पंडित सहित सैकड़ों एनसीपी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हरिद्वार पुलिस ने दिखाई मुस्तैदी: महिला का नोटों से भरा बैग ढूंढ निकाला

बेटी की शादी के लिए रखे थे 2.16 लाख रुपये; ई-रिक्शा में छूट गया था बैग
हरिद्वार। हरिद्वार पुलिस ने एक सराहनीय कार्य करते हुए हरियाणा से आई एक महिला का रुपयों से भरा बैग बरामद कर उसे वापस लौटा दिया। रोहतक निवासी शीतल अपनी बेटी की शादी के लिए हरिद्वार आई थीं, लेकिन बस अड्डे से होटल जाते समय उनका बैग ई-रिक्शा में ही छूट गया था।
बैग में 2 लाख 16 हजार रुपये की नकदी थी। ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा के निर्देशन में गठित टीम ने सीसीटीवी कैमरों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद ई-रिक्शा और चालक की पहचान की। पुलिस ने चालक के पास से बैग बरामद किया, जिसने बताया कि वह स्वयं भी महिला को ढूंढ रहा था। बैग और पूरी रकम सुरक्षित मिलने पर महिला ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।
यूपी पुलिस पर हमला करने वाले तीन दबंग गिरफ्तार

धोखाधड़ी के आरोपी को छुड़ाने के लिए पुलिस वाहन को थार और स्कॉर्पियो से मारी थी टक्कर
हरिद्वार। मुजफ्फरनगर पुलिस की टीम पर हमला कर आरोपी को छुड़ाने का प्रयास करने वाले तीन आरोपियों को ज्वालापुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। 3 फरवरी को मुजफ्फरनगर पुलिस धोखाधड़ी के आरोपी संजय को गिरफ्तार कर ले जा रही थी, तभी उसके बेटे ईशांत ने अपने साथियों के साथ मिलकर थार और स्कॉर्पियो गाड़ियों से पुलिस के वाहन को टक्कर मार दी।
इस जानलेवा हमले में पुलिसकर्मी घायल हुए थे। घटना की सूचना मिलते ही ज्वालापुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ईशांत, शिवम मलिक और अमन को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हमले में प्रयुक्त थार और स्कॉर्पियो गाड़ियों को भी जब्त कर लिया है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।