देहरादून, उत्तराखंड: भारत के पहले लेखक गाँव, थानों (देहरादून) में आयोजित तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय ‘लेखक गाँव महोत्सव’ में भवन्स त्रिपुरा विद्यामंदिर, अगरतला की हिंदी शिक्षिका प्रिया रॉय जी को उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
वरिष्ठ साहित्यकार और पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ जी द्वारा स्थापित एवं संरक्षित इस अनूठे गाँव में हुए महोत्सव में देश-दुनिया के हज़ारों साहित्यकारों ने भाग लिया।
शिक्षिका, लेखिका और कवयित्री के रूप में पहचानी जाने वाली प्रिया रॉय जी ने इस आयोजन में त्रिपुरा का प्रतिनिधित्व किया और दो सत्रों में वक्ता के रूप में अपने विचार रखे, जिनकी सभी ने सराहना की। बच्चों के लिए प्रेरणादायक लघु कहानियाँ लिखने वाली और अपनी पुस्तक प्रकाशित कर चुकी प्रिया रॉय जी ने हिंदी भाषा, साहित्य और शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्य किया है। उनके मार्गदर्शन में कई विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कार प्राप्त किए हैं।
हिंदी भाषा, साहित्य और शिक्षा में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हें डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ जी एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। उनकी यह उपलब्धि समूचे त्रिपुरा राज्य के लिए गर्व का विषय है।