
हरिद्वार। देश को एकता और अखंडता के सूत्र में पिरोने वाले लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में हरिद्वार पुलिस द्वारा एक भव्य ‘रन फॉर यूनिटी’ (Run for Unity) कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस दौड़ का मुख्य उद्देश्य देश के पहले गृह मंत्री सरदार पटेल के राष्ट्र निर्माण में दिए गए अविस्मरणीय योगदान को याद करना और लोगों में एकता का संदेश प्रसारित करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) प्रमेंद्र डोभाल ने हरी झंडी दिखाकर किया। तुलसी चौक से शुरू हुई यह दौड़ मालवीय घाट, हरकी पौड़ी तक संपन्न हुई।
इस आयोजन में महानगर व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष सुनील सेठी, कोतवाली प्रभारी रितेश शाह सहित विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उनके साथ समस्त हरिद्वार पुलिस चौकियों के प्रभारी एवं पुलिस स्टाफ ने भी दौड़ में हिस्सा लिया और एकता का संदेश दिया।
इस अवसर पर मुख्य रूप से समाजसेवी हरीश अरोड़ा, एस एन तिवारी, नंदकिशोर पंडित, कपिल जौनसारी, नवीन कुमार सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।