शस्त्र लहराने के मामले में डीएम की त्वरित कार्रवाई, लाइसेंस निलंबित
तैस में आकर लहराया शस्त्र; डीएम ने किया शस्त्र जब्त, लाइसेंस निलंबित; निरस्तीकरण की कार्रवाई शुरू
दीपावली पर पटाखा विवाद में एटीएस कॉलोनी का मामला; डीएम बोले – कानून से खिलवाड़ मंजूर नहीं
देहरादून: रायपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत एटीएस कॉलोनी में दीपावली के दिन पटाखा फोड़ने के विवाद पर शस्त्र लहराने के मामले में जिलाधिकारी सविन बंसल ने त्वरित संज्ञान लिया है। उन्होंने लाइसेंसधारी पुनीत अग्रवाल पुत्र मदन मोहन अग्रवाल का शस्त्र जब्त करते हुए लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।
जिलाधिकारी ने कहा कि मामूली विवाद पर लाइसेंसी शस्त्र का प्रदर्शन शस्त्र लाइसेंस की शर्तों का घोर उल्लंघन है और जिले में कानून से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, देहरादून की रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। दोनों पक्षों का धारा 126/135 बीएनएसएस के तहत चालान किया गया है।
उत्तराखंड की रजत जयंती समारोह की तैयारियां शुरू, राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री होंगे शामिल
उत्तराखंड की रजत जयंती पर राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री करेंगे शिरकत; तैयारियों के लिए डीएम ने की अहम बैठक
उत्तराखंड की रजत जयंती पर राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री करेंगे शिरकत; तैयारियों के लिए डीएम ने की अहम बैठक

देहरादून। देवभूमि उत्तराखंड के स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित होने वाले रजत जयंती समारोह की तैयारियां शुरू हो गई हैं। राजधानी देहरादून में आयोजित होने वाले इस ऐतिहासिक समारोह में राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर सभी मजिस्ट्रेट के साथ अहम बैठक की। उन्होंने प्रोटोकॉल के अनुसार सभी व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम के लिए रूट चार्ट के अनुसार राज्य के स्थापना संग्राम की झलक, लोक संस्कृति और आधुनिक विकास उपलब्धियों को प्रदर्शित करने के निर्देश दिए।
सिटी मजिस्ट्रेट को प्रत्येक जोन को सेक्टर में विभाजित करते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों के दायित्व निर्धारित करने को कहा गया है। सुरक्षा के लिए पुलिस प्रभारी अधिकारियों की तैनाती, स्वास्थ्य सुरक्षा हेतु चिकित्सक टीम और एंबुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए हैं। कार्यक्रम स्थल पर पंडाल, स्टेज, बैठने की व्यवस्था, पार्किंग, पेयजल और कंट्रोल रूम स्थापित करने के लिए भी निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने अन्य जिलों से आने वाले नागरिकों के लिए भी उचित व्यवस्था करने को कहा। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी केके मिश्रा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।