हरिद्वार, अगस्त 20, 2025: पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने ग्राम कांगड़ी में मांस की दुकानों को बंद करने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात करने का आश्वासन दिया है। ग्राम प्रधान शीतल के नेतृत्व में कांगड़ी के निवासियों और संतों ने स्वामी यतीश्वरानंद को एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें कहा गया कि ऐतिहासिक और धार्मिक रूप से महत्वपूर्ण इस गांव में मांस की दुकानें बंद होनी चाहिए।

ज्ञापन में बताया गया कि कांगड़ी गांव महान स्वतंत्रता सेनानी स्वामी श्रद्धानंद द्वारा बसाया गया था और यह गंगा के तट पर स्थित है। इसे आर्यों, संतों और महात्माओं की पुण्य भूमि माना जाता है। यहां कई धार्मिक स्थल और सिद्ध स्रोत हैं, जिनका वर्णन भागवत महापुराण में भी मिलता है। ग्रामवासियों का कहना है कि बीच बाजार में मुर्गा, बकरा, मछली और सूअर के मांस की दुकानें खुली हुई हैं, जिससे गांव का पवित्र वातावरण दूषित हो रहा है और श्रद्धालुओं की भावनाओं को ठेस पहुँच रही है।

स्वामी यतीश्वरानंद ने ग्रामवासियों की भावनाओं का सम्मान करते हुए मुख्यमंत्री से इस विषय पर बात करने का वादा किया है, ताकि इन दुकानों को जल्द से जल्द बंद कराया जा सके। इस दौरान प्रेमगिरि धाम के महामंडलेश्वर संजय गिरि और कई अन्य संत-महात्मा भी मौजूद थे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *