श्री शिव शक्ति महादेव मंदिर में स्फटिकेश्वर महादेव शिवलिंग की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न
हरिद्वार के रोशनाबाद स्थित शिवालिक गंगा विहार कॉलोनी फेस-2 में नवनिर्मित श्री शिव शक्ति महादेव मंदिर में स्फटिकेश्वर महादेव शिवलिंग की भव्य प्राण प्रतिष्ठा हुई। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने विधि-विधान से शिवलिंग की स्थापना की। उन्होंने इस प्रयास को सनातन धर्म की परंपरा को सशक्त करने वाला बताया। समिति अध्यक्ष देवेंद्र शर्मा ने बताया कि संस्था शिक्षा, चिकित्सा और आध्यात्मिक सेवा कार्यों में समर्पित है। क्षेत्रीय विधायक आदेश चौहान भी समारोह में उपस्थित रहे।
श्रद्धेया शैलदीदी ने महिलाओं को प्रतिभा निखारने के लिए प्रेरित किया

शांतिकुंज की अधिष्ठात्री श्रद्धेया शैलदीदी ने शांतिकुंज परिसर में आयोजित बहनों की विशेष संगोष्ठी में प्रत्येक महिला को अपनी प्रतिभा का नियमित रूप से परिष्कार करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जीवन में आगे बढ़ने और उत्तरदायित्वों को निभाने के लिए नया सीखना आवश्यक है। उन्होंने गायत्री परिवार की संस्थापिका माता भगवती देवी शर्मा के तप, साधना और सेवा भाव को प्रेरणास्रोत बताया। उन्होंने यह भी बताया कि 2026 में माताजी का जन्मशताब्दी वर्ष मनाया जाएगा, जिसमें बहनों को सक्रिय भागीदारी निभानी होगी।
देवसंस्कृति विश्वविद्यालय का 45वां ज्ञान दीक्षा समारोह
देवसंस्कृति विश्वविद्यालय (देसंविवि) का 45वां ज्ञान दीक्षा समारोह 22 जुलाई को होगा। प्रतिकुलपति डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने बताया कि इसमें भारत के विभिन्न राज्यों से नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं को दीक्षित किया जाएगा। यह समारोह विद्यार्थियों को मातृभूमि और संस्कृति के लिए समर्पित होने के लिए प्रेरित करेगा। बाबा मस्तनाथ विश्वविद्यालय रोहतक के कुलाधिपति महंत बालकनाथ योगी मुख्य अतिथि होंगे, जबकि देसंविवि के कुलाधिपति डॉ. प्रणव पण्ड्या विद्यार्थियों को संकल्पित और दीक्षित करेंगे।