ऋषिकेश:   ऋषिकेश के श्यामपुर चौकी क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहाँ अपने 35वें जन्मदिन के दिन एक युवक ने पिस्तौल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान प्रकाश परमार (35 वर्ष) पुत्र सुरेंद्र सिंह, निवासी गली नंबर 11, जगत विहार कॉलोनी, हाट रोड, श्यामपुर के रूप में हुई है। प्रकाश अविवाहित था और ठेकेदारी का कार्य करता था।
गुरुवार सुबह यह हृदय विदारक हादसा उस समय सामने आया जब परिवार के सदस्य पूजा करवाने के लिए पंडित जी के आने पर प्रकाश को उसके कमरे में बुलाने गए। उन्होंने देखा कि प्रकाश अपने कमरे में मृत अवस्था में पड़ा था, जिसके सिर में गोली लगी हुई थी। यह दृश्य देखकर परिजनों के होश उड़ गए और उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचित किया।
सूचना मिलते ही वरिष्ठ उप निरीक्षक शिशुपाल सिंह राणा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और आत्महत्या में प्रयुक्त पिस्तौल को भी अपने कब्जे में ले लिया।
प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच में जुट गई है। इस घटना से परिजनों में गहरा शोक व्याप्त है और वे समझ नहीं पा रहे हैं कि प्रकाश ने ऐसा आत्मघाती कदम क्यों उठाया। पुलिस अब मामले के हर पहलू की जांच कर रही है ताकि इस दुखद घटना के पीछे के कारणों का पता चल सके।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *