हरिद्वार, 25 मई 2025: हरिद्वार जनपद के लक्सर विकासखंड के अकोढ़ा कलां गांव की निवासी श्रीमती रोशन देवी ने ग्रामोत्थान (रीप) परियोजना के सहयोग से इलेक्ट्रॉनिक व्यवसाय में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। पहले, ₹5,000-₹6,000 की मासिक आय वाली उनकी छोटी सी दुकान अब ₹10,000-₹12,000 कमा रही है, जिससे उनके परिवार को आर्थिक संबल मिला है।
ग्रामोत्थान परियोजना की टीम ने वित्तीय वर्ष 2024-25 में रोशन देवी के व्यवसाय का आकलन किया और उन्हें बड़े स्तर पर विस्तार करने के लिए प्रोत्साहित किया। “उजाला” स्वयं सहायता समूह की सक्रिय सदस्य होने के नाते, उन्हें परियोजना से ₹75,000 का अंशदान मिला। इसके अतिरिक्त, उन्होंने अपनी बचत से ₹1,25,000 और बैंक से ₹1,00,000 का ऋण लेकर कुल ₹3,00,000 का निवेश किया।
इस निवेश से रोशन देवी ने अपनी इलेक्ट्रॉनिक दुकान का विस्तार किया और उत्पादों की एक विस्तृत श्रृंखला शामिल की। उनकी यह सफलता ग्रामीण महिलाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है और आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार करने में एक महत्वपूर्ण कदम है।