हरिद्वार: नगर निगम द्वारा सड़कों से रेहड़ी-पटरी वालों को हटाने का अभियान चलाया जा रहा है, जिसका युवा कांग्रेस विरोध कर रही है। बताया जा रहा है कि इस दौरान एक व्यापारी और निगम कर्मचारियों के बीच हाथापाई भी हुई। गुरुवार दोपहर निगम की टीम अतिक्रमण हटाने के लिए रोड धर्मशाला के पास पहुंची, जहाँ उन्होंने परशुराम चौक तक अभियान चलाया।
इस कार्रवाई के दौरान जिलाध्यक्ष कैश खुराना भी मौके पर पहुँच गए और उन्होंने इसका विरोध जताया। उन्होंने कहा कि विभाग सिर्फ गरीब रेहड़ी-पटरी वालों का ही शोषण कर रहा है। जहाँ पर अतिक्रमण है, वहाँ जाने की हिम्मत नहीं कर रहे। बीजेपी सरकार गरीब, मजदूरों को ही दबा रही है। रोजगार देना तो दूर, रोजगार छीना जा रहा है। अब जब यात्री सीजन शुरू हो रहा है तो निगम को अतिक्रमण याद आ गया। अवैध अतिक्रमण को हटाया जाना चाहिए, लेकिन छोटे दुकानदारों, रेहड़ी-पटरी वालों को तंग नहीं करना चाहिए। इस प्रकार की तानाशाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।