जिला प्रशासन, हरिद्वार पुलिस और गंगा सभा: हरिद्वार की मान मर्यादा को बचाएं

हरिद्वार: विश्व प्रसिद्ध हर की पैड़ी के मालवीय घाट घण्टाघर पर संध्या आरती देखने आए तीर्थयात्रियों से घाट पर बैठने के लिए अवैध वसूली का मामला सामने आया है।
दैनिक हाक के एक प्रतिनिधि, जो 20 अप्रैल 2025 को अपने परिवार के साथ आरती में शामिल होने पहुँचे, ने स्वयं इस अवैध वसूली को देखा। घाट पर आरती के समय तख़्त पर बैठने के लिए प्रति व्यक्ति 200 से 300 रुपये वसूले जा रहे थे।
जब प्रतिनिधि ने वसूली कर रहे व्यक्ति का फोटो लेने का प्रयास किया, तो उसने कैमरे के आगे हाथ रख दिया। प्रतिनिधि के स्थानीय और पत्रकार होने की जानकारी देने के बावजूद, उस व्यक्ति ने अन्य तीर्थयात्रियों से पैसे लेकर उन्हें तख़्त पर बैठाना जारी रखा और कुछ ही देर में पाँच लोगों से वसूली कर ली।
इस घटना ने आस्था के शहर में हो रही इस अवैध वसूली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार, घाट के सभी तख्तों पर इसी प्रकार की वसूली की जा रही है।
गंगा सभा के महामंत्री को इस घटना की जानकारी दी गई है, जिन्होंने भविष्य में इसे रोकने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि गंगा घाट पर ऐसी गतिविधियाँ गंगा और गंगा सभा की छवि को धूमिल करती हैं और दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।
इसके अतिरिक्त, घाट पर गंगा सभा के अलावा कई अन्य लोग भी चंदे/दान की रसीदें काटते हुए देखे गए हैं, जिसे अवैध वसूली माना जा सकता है। मिलीभगत के चलते यह अनैतिक कार्य निर्बाध रूप से जारी है।
यदि प्रशासन और गंगा सभा ने समय रहते इस पर कार्रवाई नहीं की, तो आस्था के इस शहर से लोगों का विश्वास उठ सकता है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *