राजस्व न्यायालयों के मामलों पर डीएम सख्त, बनेगी ‘स्मार्ट मॉनिटरिंग’ व्यवस्था
देहरादून: जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कलेक्ट्रेट में राजस्व न्यायालयों के लंबित मामलों की समीक्षा बैठक की। जिले में कुल 15,540 वाद लंबित पाए जाने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई। डीएम ने उपजिलाधिकारियों को पुराने मुकदमों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने और निर्विवाद विरासतन मामलों को युद्धस्तर पर सुलझाने के निर्देश दिए। साथ ही, मुकदमों की समयबद्ध निगरानी और जवाबदेही तय करने के लिए एक सॉफ्टवेयर-आधारित ‘स्मार्ट मॉनिटरिंग सिस्टम’ विकसित करने के निर्देश दिए हैं।
लैंड फ्रॉड समिति की बैठक: 12 मामलों का निस्तारण, 8 पर एफआईआर के निर्देश

देहरादून: गढ़वाल मंडलायुक्त आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में आयोजित लैंड फ्रॉड समन्वय समिति की बैठक में कुल 56 प्रकरणों की समीक्षा की गई। इनमें से 12 मामलों का निस्तारण किया गया, 8 मामलों में एफआईआर दर्ज कराने और 1 मामले में एसआईटी (SIT) जांच के आदेश दिए गए। मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जे और फर्जी दस्तावेजों से भूमि हस्तांतरण के मामलों में निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।
बैंक केवल जमा राशि न बढ़ाएं, ऋण वितरण में भी लाएं तेजी: एडीएम

देहरादून: जिला सलाहकार समिति की बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के.के. मिश्रा ने एसबीआई, पीएनबी, यूनियन बैंक और यूको बैंक के कम सीडी (क्रेडिट-डिपॉजिट) रेशियो पर सख्त नाराजगी जताई। एडीएम ने बैंकों को निर्देश दिया कि वे केवल जमा पूंजी बढ़ाने तक सीमित न रहें, बल्कि पीएम स्वरोजगार, किसान क्रेडिट कार्ड और ओडीओपी जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं में पात्र लाभार्थियों को समय पर ऋण उपलब्ध कराकर जिले के विकास में सहयोग करें।
हरिपुर इंटर कॉलेज में खंडस्तरीय संस्कृत प्रतियोगिता आयोजित

देहरादून: राजकीय बालिका इंटर कॉलेज हरिपुर में उत्तराखंड संस्कृत संस्थान के तत्वावधान में खंडस्तरीय संस्कृत प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में नाटक, समूहगान, नृत्य, वाद-विवाद, आशुभाषण और श्लोकोच्चारण जैसी विधाओं में विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा दिखाई। संस्कृत नाटक में पीएमश्री अटल उत्कृष्ट जीआईसी कालसी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि श्लोकोच्चारण और समूह नृत्य में जीआईसी मुन्धान का दबदबा रहा।
स्कूलों में 26 सितंबर से शुरू होगी ‘मेरे सपनों का भारत’ प्रतियोगिता
देहरादून: शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत शिक्षण संस्थानों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि 26 सितंबर से विद्यालयों में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर निबंध, भाषण और चित्रकला प्रतियोगिताएं शुरू होंगी। इन प्रतियोगिताओं के जरिए छात्र ‘विकसित भारत के संकल्प’ पर अपने विचार प्रस्तुत करेंगे। स्कूल स्तर के बाद जिला स्तर पर विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा।
शादी के नाम पर नशीला पदार्थ खिलाकर ठगी करने वाले गिरोह के 5 गिरफ्तार

हरिद्वार: बहादराबाद थाना पुलिस ने शादी के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो महिलाओं समेत पांच लोगों को हिरासत में लिया है। ग्राम दौलतपुर निवासी पीड़ित के अनुसार, शादी के बाद दुल्हन ने पति को नशीला पदार्थ खिलाया और नकदी-सामान लेकर फरार हो गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों के पास से 70 हजार रुपये नकद, 5 मोबाइल, नशीला पाउडर और एक बोलेरो गाड़ी बरामद कर सीज की है।