September 15, 2026

हरिद्वार: प्रदेश के पत्रकारों एवं उनके परिवारों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध राज्य सरकार ने एक बार फिर संवेदनशीलता की मिसाल पेश की है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों पर अमल करते हुए पत्रकार कल्याण कोष (कॉरपस फंड) के तहत दिवंगत पत्रकार स्वर्गीय महेंद्र कुमार वर्मा की पत्नी विमला देवी को ₹5 लाख की आर्थिक सहायता राशि प्रदान की गई। मंगलवार को जिला सूचना कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान यह चेक हस्तांतरित किया गया।

​सहायता राशि का चेक जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह, पत्रकार कल्याण कोष समिति के सदस्य शशि शर्मा व अमित शर्मा तथा प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी ने संयुक्त रूप से आश्रित परिवार को सौंपा।

​इस अवसर पर जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह ने कहा कि राज्य सरकार पत्रकारों के हितों को लेकर पूरी तरह गंभीर है। पत्रकार कल्याण कोष के माध्यम से न केवल दिवंगत पत्रकारों के आश्रितों को संबल दिया जा रहा है, बल्कि गंभीर बीमारियों से जूझ रहे पत्रकारों और आर्थिक रूप से कमजोर साथियों को भी नियमानुसार मदद पहुंचाई जा रही है। यह योजना संकट के समय पीड़ित परिवारों का सबसे बड़ा सहारा साबित हो रही है।

​समिति के सदस्यों शशि शर्मा और अमित शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री के दिशा-निर्देशों एवं सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी की पहल पर सहायता वितरण की प्रक्रिया को अत्यंत पारदर्शी और तेज बनाया गया है, ताकि जरूरतमंद परिवारों को समय पर राहत मिल सके।

​कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पत्रकार बाल कृष्ण शर्मा, श्रवण कुमार अरोड़ा सहित प्रेस क्लब के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *