हरिद्वार के बहादराबाद में संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष್ಯ में भाजपा जिला हरिद्वार की ओर से ‘समरसता संकल्प अभियान’ के तहत कलश वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य संत रविदास की जन्मभूमि से लाई गई पवित्र मिट्टी को कलशों के माध्यम से गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाना है, ताकि जात-पात के भेदभाव को मिटाकर समाज में आपसी भाईचारे और समरसता की भावना को मजबूत किया जा सके।
कार्यक्रम में अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष बलबीर घुनियाल ने कहा कि संत रविदास ने समाज को समानता और भाईचारे का संदेश दिया जिनकी शिक्षाएं आज भी समाज को एकजुट करती हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने कहा कि समरसता भाजपा का संकल्प है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियां समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति के विकास को समर्पित हैं। वहीं, राज्य मंत्री डॉ. जयपाल सिंह चौहान ने कहा कि सरकार संतों के आदर्शों पर चलकर सामाजिक भेदभाव समाप्त करने और सनातन संस्कृति को मजबूत करने का कार्य कर रही है। इस अवसर पर कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता व स्थानीय लोग उपस्थित रहे।