हरिद्वार। रुड़की के गंगनहर कोतवाली क्षेत्र स्थित गणेशपुर में हुई दो सगी बहनों की सनसनीखेज हत्या के मामले का हरिद्वार पुलिस ने चंद घंटों के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतकाओं के सगे भाई विवेक उर्फ विक्की को गिरफ्तार कर लिया है। इस वारदात में आरोपी का जीजा भी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसका अस्पताल में इलाज जारी है।
भांजे की तहरीर पर मामला दर्ज
पुलिस के अनुसार, 25-26 अगस्त की रात अर्जुन सिंह (निवासी गणेशपुर, रुड़की) ने गंगनहर कोतवाली में तहरीर दी। उसने आरोप लगाया कि उसके मामा विवेक उर्फ विक्की ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर उसकी मां और मौसी की हत्या कर दी तथा उसके मौसा को भी गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। तहरीर मिलने पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी नवनीत सिंह ने आरोपी की तुरंत गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने घटनास्थल से फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी विवेक उर्फ विक्की (पुत्र जयपाल, निवासी चुड़ियाला, थाना भगवानपुर, हरिद्वार) को चुड़ामणि मंदिर चौक (चुड़ियाला, भगवानपुर) के पास से धर दबोचा। आरोपी के पास से घटना में इस्तेमाल किया गया 315 बोर का तमंचा, छह खोखा कारतूस और एक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पारिवारिक कलह और संपत्ति विवाद मुख्य कारण
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि हत्या के पीछे मुख्य वजह संपत्ति का विवाद और चरित्र पर शक थी। फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है ताकि वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं का पूरी तरह खुलासा हो सके। आरोपी को न्यायालय में पेश करने की विधिक कार्रवाई की जा रही है। हरिद्वार पुलिस द्वारा चंद घंटों में इस दोहरे हत्याकांड का पर्दाफाश करने की सर्वत्र सराहना हो रही है।