हरिद्वार। जनपद में 80वां स्वतंत्रता दिवस बड़े ही हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण के साथ मनाया गया। मुख्य समारोह जिला कार्यालय परिसर में आयोजित हुआ, जहां जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रभक्ति गीत ‘वंदे मातरम’ के सुमधुर गायन से हुई।
समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जनपद वासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और वीर शहीदों के बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनके सपनों का भारत बनाने के लिए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निष्ठा व ईमानदारी से अपने कर्तव्यों का पालन करना होगा।
जिलाधिकारी ने कड़ा निर्देश देते हुए कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। कार्यालयों में आने वाले आमजन की समस्याओं का निस्तारण बिना किसी भेदभाव के तत्परता से किया जाए, ताकि किसी भी नागरिक को अपने काम के लिए बार-बार चक्कर न काटने पड़ें।
सेनानियों का सम्मान और पौधारोपण
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, उनके परिजनों और राज्य आंदोलनकारियों को पुष्पमाला व शॉल भेंटकर सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में जितेंद्र रघुवंशी, भारत भूषण विद्यालंकार, वीरेंद्र गहलोत, अर्जुन सिंह राणा, आशिक कुमार चौहान, कृष्ण गोपाल पंत, सुनीता त्रिपाठी, सेवानिवृत्त विंग कमांडर सरिता नेगी पंवार, हयात सिंह रावत और जसवंत सिंह बिष्ट शामिल रहे।
कांवड़ मेले के दौरान गंगा की तेज धारा से श्रद्धालुओं की जान बचाने वाले बंगाल इंजीनियरिंग ग्रुप सेंटर के सूबेदार कुलविंदर सिंह को विशेष रूप से प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने कलेक्ट्रेट परिसर में लाल चंदन का पौधा रोपा। इस दौरान आपदा प्रबंधन और एकुम्स कंपनी के सहयोग से परिसर में चंदन और गुलमोहर के 100 पौधे लगाए गए।
समारोह में आनंदमई सेवा सदन इंटर कॉलेज की छात्राओं ने मनमोहक देशभक्ति प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें पुरस्कृत भी किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन प्रशासनिक अधिकारी नवीन मोहन ने किया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, वैभव गुप्ता, वरिष्ठ कोषाधिकारी अजय कुमार, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत, जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह सहित पुलिस, एनडीआरएफ के जवान और कलेक्ट्रेट का स्टाफ मौजूद रहा।