October 16, 2026

नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी जारी रहेगी सख्त कार्रवाई : उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी

        नगर निगम हरिद्वार द्वारा गुरुवार को बड़ा बाजार स्थित ठंडा कुआं क्षेत्र में प्रतिबंधित सिंगल यूज़ प्लास्टिक के विरुद्ध विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान न्यू चड्ढा जनरल स्टोर से प्रतिबंधित सिंगल यूज़ प्लास्टिक की चटाइयां बरामद कर जब्त की गईं। क
      उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी ने बताया कि पूर्व में घाट क्षेत्रों में प्रतिबंधित प्लास्टिक चटाइयों एवं अन्य सिंगल यूज़ प्लास्टिक सामग्री की बिक्री की जांच के दौरान नगर निगम टीम ने सप्लाई के स्रोत का पता लगाया था। जांच में न्यू चड्ढा जनरल स्टोर को चिन्हित किए जाने के बाद आज उक्त प्रतिष्ठान पर छापेमारी की गई, जहां से प्रतिबंधित सिंगल यूज़ प्लास्टिक सामग्री बरामद हुई।
         पुलिस की मौजूदगी में प्रतिबंधित सिंगल यूज़ प्लास्टिक सामग्री को विधिवत जब्त कर लिया गया। विरोध एवं व्यवधान की स्थिति को देखते हुए मौके पर चालान करने के बजाय संबंधित व्यापारी को नोटिस जारी कर नियमानुसार चालानी कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया।
        उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी ने बताया कि शासन द्वारा प्रतिबंधित सिंगल यूज़ प्लास्टिक के निर्माण, भंडारण, परिवहन, बिक्री एवं उपयोग पर प्रतिबंध लागू है। नियमों के उल्लंघन पर निर्माता पर ₹5 लाख, परिवहनकर्ता पर ₹2 लाख, खुदरा विक्रेता/विक्रेता पर ₹1 लाख तथा व्यक्तिगत उपयोग करने पर ₹100 का जुर्माना निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि यदि कोई व्यक्ति या प्रतिष्ठान दोबारा उल्लंघन करते हुए पाया जाता है तो उस पर निर्धारित जुर्माने का दोगुना अर्थदंड आरोपित किया जाएगा।
      उन्होंने कहा कि नगर निगम द्वारा प्रतिबंधित सिंगल यूज़ प्लास्टिक के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। व्यापारियों से भी अपील की गई कि वे प्रतिबंधित सिंगल यूज़ प्लास्टिक का भंडारण एवं बिक्री न करें तथा पर्यावरण संरक्षण में अपना सहयोग दें।
          कार्रवाई के दौरान मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा, सफाई निरीक्षक धीरेंद्र सेमवाल, पुलिस बल एवं नगर निगम की टीम उपस्थित रही।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *