राम मंदिर चंदा चोरी मामले पर कांग्रेस का उपवास, निष्पक्ष जांच की मांग
हरिद्वार। राम मंदिर चंदा चोरी मामले के विरोध में महानगर कांग्रेस के मायापुर ब्लॉक ने मंदेश्वर महादेव मंदिर परिसर में उपवास कर प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार वास्तविक दोषियों को बचाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर मुख्य आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
15.02 ग्राम स्मैक के साथ दो नशा तस्कर गिरफ्तार
हरिद्वार। ऑपरेशन प्रहार के तहत रानीपुर कोतवाली पुलिस ने दो युवकों को 15.02 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बिना नंबर प्लेट की बाइक पर सवार आरोपियों को चेकिंग के दौरान पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने स्मैक की तस्करी करने की बात स्वीकार की। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है, जबकि मुख्य सप्लायर की तलाश जारी है।
भाजपा महिला मोर्चा की परिचय बैठक में डिजिटल प्रशिक्षण पर जोर

हरिद्वार। भाजपा सप्तऋषि मंडल महिला मोर्चा की परिचय बैठक में संगठन की पदाधिकारियों का परिचय कराया गया। बैठक में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान के अंतर्गत डिजिटल लर्निंग प्रशिक्षण और संगठन को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने पर चर्चा हुई। पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं से प्रशिक्षण लेकर प्रमाणपत्र प्राप्त करने और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
निर्मोही अनी अखाड़े ने अखाड़ा परिषद अध्यक्ष डॉ. रविंद्रपुरी को दिया समर्थन
हरिद्वार। श्रीपंच निर्मोही अनी अखाड़े के एक गुट ने अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रविंद्रपुरी महाराज के नेतृत्व का समर्थन करने की घोषणा की है। उज्जैन में आयोजित बैठक में संतों ने आगामी सभी कुंभ मेलों में परिषद के साथ सहभागिता का निर्णय लिया। बैठक में विभिन्न अखाड़ों के संत-महंतों ने सनातन धर्म के संरक्षण और अखाड़ों की एकजुटता पर बल दिया।