नैनीताल। जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में बढ़ते पर्यटकों की संख्या के मद्देनजर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने जनपद में आने वाले सभी पर्यटकों, श्रद्धालुओं, प्रवासियों एवं अतिथियों से विशेष अपील की है। उन्होंने कहा कि वे यातायात नियमों का अनुपालन करने के साथ ही स्थानीय संस्कृति एवं परंपराओं का अवश्य सम्मान करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में बढ़ती पर्यटक गतिविधियों को देखते हुए सभी आगंतुकों का दायित्व है कि वे अपने वाहनों को सड़क किनारे अनियोजित ढंग से खड़ा न करें तथा निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और किसी को अनावश्यक परेशानी न हो। प्रशासन एवं पुलिस द्वारा विभिन्न स्थानों पर नियमित रूप से चेकिंग अभियान संचालित किए जा रहे हैं, जिसमें पर्यटक सहयोग करें।
उन्होंने पर्यटकों से उत्तराखण्ड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, स्थानीय रीति-रिवाजों एवं पारंपरिक मूल्यों का सम्मान करने का भी आग्रह किया। जिलाधिकारी ने जिला प्रशासन सहित पुलिस, परिवहन, नगर निकाय, जिला पंचायत, पेयजल व पर्यटन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह जिले में आने वाले पर्यटकों हेतु सभी सड़क मार्गों पर यातायात व्यवस्था सुदृढ़ रखने के साथ ही पार्किंग स्थलों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित रखें।