हरिद्वार में सीवरेज के लिए खोदी गई सड़कों का मरम्मत कार्य तेज, जिलाधिकारी के निर्देशों पर दिन-रात हो रहा काम
हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के बाद शहर में सीवरेज कार्य के लिए खोदी गई सड़कों के मरम्मत कार्य में तेजी आ गई है। गंगा उत्तराखंड पेयजल निगम की परियोजना प्रबंधक मीनाक्षी मित्तल ने बताया कि केएफडब्लयू वित्त पोषित हरिद्वार जलोत्सारण योजना के तहत 27 अप्रैल को पैकेज 01 में अमृत गंगा अपार्टमेंट, राणा कॉलोनी, शांति मार्ग और मुखिया गली में कुल 94.60 मीटर सीसी रोड का निर्माण पूरा किया गया। वहीं पैकेज 02 के अंतर्गत द्वारका विहार, गणपति धाम फेज-3, मोहन एनक्लेव और त्रिलोक नगर में भी कार्य गतिमान है। स्थानीय जनता और व्यापारियों की सुविधा के लिए यह कार्य दिन-रात संचालित किए जा रहे हैं।
कांवड़ यात्रा की तैयारी एवं बैठक

हरिद्वार। आगामी कांवड़ यात्रा को लेकर मेला नियंत्रण भवन (सीसीआर) में कुंभ मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में निर्देश दिए गए कि कांवड़ क्षेत्र के सभी निर्माण कार्य हर हाल में 30 जून तक पूरे कर लिए जाएं। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने एनएच और लोनिवि के अधिकारियों को दो माह के भीतर सड़कें दुरुस्त करने तथा विद्युत विभाग को यातायात में बाधक बन रहे पोल हटाने के निर्देश दिए। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने स्पष्ट किया कि निर्माण सामग्री सड़कों पर न रखी जाए ताकि यातायात सुचारु रहे। बैठक में मुख्य नगर आयुक्त नंदन सिंह, एडीएम पी.आर. चौहान सहित विभिन्न विभागों के उच्चाधिकारी उपस्थित रहे।