टिहरी गढ़वाल जिले के थत्यूड़ (जौनपुर) क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ पारिवारिक कलह के चलते एक मां ने अपने ही सगे बेटे पर जानलेवा हमला कर दिया। जानकारी के अनुसार, एक गांव में लंबे समय से चल रहे पारिवारिक विवाद ने उस समय उग्र रूप ले लिया जब मां, बड़े बेटे और बहू ने मिलकर छोटे बेटे पर हमला बोल दिया। बहस के दौरान विवाद इतना बढ़ा कि तीनों ने मिलकर युवक को घेर लिया और उस पर धारदार चाकू से ताबड़तोड़ वार किए।
इस हमले में युवक के हाथों की नसें कट गई हैं और वह गंभीर रूप से घायल हो गया हैयुवक की चीख-पुकार सुनकर जब ग्रामीण मौके पर एकत्र हुए, तो हमलावर वहां से भाग निकले। स्थानीय निवासियों ने घायल युवक को तुरंत लहूलुहान हालत में नजदीकी अस्पताल पहुँचाया, जहाँ उसका उपचार जारी है और स्थिति गंभीर बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पीड़ित की शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने उसकी मां, बड़े भाई और भाभी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्राथमिक जांच में विवाद का कारण जमीन का बंटवारा या पुराना घरेलू मनमुटाव बताया जा रहा है।