डोईवाला: परवादून जिला कांग्रेस ने त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर कानून और नियमों का उल्लंघन करने का आरोप लगाया है। कांग्रेस ने उपजिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को एक ज्ञापन भेजकर इस मामले में हस्तक्षेप की मांग की है।
परवादून कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल के नेतृत्व में भेजे गए इस ज्ञापन में कहा गया है कि राज्य निर्वाचन आयोग ने भाजपा के दबाव में आकर पंचायती राज अधिनियम के खिलाफ जाकर सीटों का आरक्षण किया, जिससे चुनाव की निष्पक्षता पर सवाल खड़ा होता है। उनियाल ने यह भी आरोप लगाया कि जानबूझकर पंचायत चुनाव में देरी की गई और दो मतदाता सूचियों में नाम दर्ज होने वाले लोगों को भी चुनाव लड़ने की अनुमति दी गई।
कांग्रेस नेताओं ने रुद्रप्रयाग, टिहरी और नैनीताल में हुए जिला पंचायत अध्यक्ष चुनावों में भी धांधली और सत्ता के दुरुपयोग का आरोप लगाया। डोईवाला कांग्रेस नगर अध्यक्ष करतार नेगी ने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान सरकारी मशीनरी, पुलिस और प्रशासन का दुरुपयोग किया गया और निर्वाचित सदस्यों का खुलेआम अपहरण भी हुआ। कांग्रेस ने इन धांधलियों में शामिल अधिकारियों और नेताओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।