हरिद्वार में त्यागमूर्ति गोस्वामी गणेश दत्त जी महाराज की 66वीं पुण्यतिथि पर एक निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का आयोजन श्री सनातन धर्म प्रतिनिधि सभा (पंजाब) नई दिल्ली ने मैक्स हॉस्पिटल देहरादून के सहयोग से किया।
हरिद्वार नगर निगम की मेयर श्रीमती किरण जैसल और सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. देशबंधु ने संयुक्त रूप से इसका उद्घाटन किया। मेयर जैसल ने खुद भी अपने स्वास्थ्य की जांच कराई और आयोजकों व मैक्स हॉस्पिटल की सराहना की। डॉ. देशबंधु ने मैक्स हॉस्पिटल के डॉक्टरों और स्टाफ का आभार व्यक्त किया।
मैक्स हॉस्पिटल देहरादून से सीनियर फिजिशियन डॉ. शिवांगी बंसल, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. शुभम भट्ट, और नर्सिंग स्टाफ नेहा व मानसी ने मरीजों की जांच की। मैक्स हॉस्पिटल के प्रशासक हिमांशु सैनी ने बताया कि बड़ी संख्या में लोगों ने इस शिविर का लाभ उठाया।
इस अवसर पर पंडित इंद्र मोहन गोस्वामी, डी एस मदान, पार्षद आकाश भाटी, महंत स्वरूप बिहारी शरण, और शिविर के संयोजक सुनील दत्त पांडेय व मनोज खन्ना सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।