देहरादून/हरिद्वार: नेशनलिस्ट यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (एनयूजे) ने गंभीर रूप से बीमार पत्रकार अमर सिंह के इलाज और उनके बेटे की शिक्षा के लिए ₹51,000 की आर्थिक सहायता दी है।
जॉलीग्रांट अस्पताल में वेंटिलेटर पर जीवन-मौत से जूझ रहे 50 वर्षीय मान्यता प्राप्त पत्रकार अमर सिंह की हालत नाजुक बनी हुई है। उनके परिवार में पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा है, जिनकी आर्थिक स्थिति कमजोर है।
एनयूजे ने उत्तराखंड सरकार से अमर सिंह को नियमानुसार चिकित्सकीय सहायता देने का अनुरोध मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और सूचना निदेशक बंसीधर तिवारी से किया है। यूनियन ने 21 मई को पत्रकार कल्याण कोष की बैठक से पहले भी इस संबंध में अनुरोध पत्र दिया था, लेकिन कोई निर्णय नहीं लिया गया। अब यूनियन का एक प्रतिनिधिमंडल जल्द ही मुख्यमंत्री और सूचना निदेशक से मुलाकात कर आर्थिक सहायता की मांग करेगा।
गौरतलब है कि एक सप्ताह पहले अमर सिंह को तेज सिर दर्द के बाद भूमानंद चिकित्सालय में भर्ती कराया गया था, जहां से उन्हें जॉलीग्रांट रेफर कर दिया गया। उनकी स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है।
प्रतिनिधिमंडल में पत्रकार त्रिलोक चंद भट्ट, शशि शर्मा, प्रमोद पाल और विक्रम सिद्धू शामिल थे।